राज्य के विभिन्न जिलों से संगठनों के कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के रांची पहुंचने के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विधानसभा के सामने प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और रांची पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। कुटे मैदान से लेकर विधानसभा क्षेत्र के आसपास के रास्तों तक पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन भी तैनात किया गया है। सुरक्षा अभियान में जिला पुलिस, अतिरिक्त बल और यातायात पुलिस के जवानों को अलग-अलग स्थानों पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दरअसल, विभिन्न संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर कुटे मैदान में जुटने और वहां से विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन करने की योजना बनाई है। इसे देखते हुए पुलिस ने पहले से ही आवाजाही नियंत्रित करने की रणनीति तैयार की है। दूसरे जिलों से आने वाले प्रदर्शनकारियों को पुराना विधानसभा और तय सुरक्षा घेरों के पास ही रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार सुबह से ही बसों और ट्रेनों के जरिए प्रदर्शनकारियों का रांची पहुंचना शुरू हो गया। कुछ समूहों ने अपने वाहनों से कुटे मैदान तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने विभिन्न चेकपॉइंट्स पर उन्हें रोक दिया। पूरे इलाके में लगातार गश्त की जा रही है, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।








