Thursday, October 8, 2026
Home » आदिवासी इलाकों में पहुंचा NCST, शिकायतों से लेकर विकास तक की पड़ताल

आदिवासी इलाकों में पहुंचा NCST, शिकायतों से लेकर विकास तक की पड़ताल

by उर्वशी शेखर
0 comments

पूर्वी सिंहभूम जिले के जादुगोड़ा क्षेत्र में जनजातीय समुदाय से जुड़े मुद्दों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की टीम ने बुधवार को विभिन्न इलाकों का दौरा किया। आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय दल ने मेचुआ, इचरा सहित आसपास के क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया।

दौरे के दौरान आयोग के प्रतिनिधियों ने स्थानीय जनजातीय लोगों और प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने क्षेत्र से संबंधित अपनी परेशानियां, शिकायतें और विभिन्न मांगें आयोग के सामने रखीं। डॉ. आशा लकड़ा ने लोगों की बातों को विस्तार से सुना और संबंधित मामलों पर आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।

आयोग के इस दौरे का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के अधिकारों और हितों से जुड़े विषयों की जमीनी स्थिति समझने के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना था। टीम ने स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं की जानकारी भी जुटाई।

आज UCIL के साथ होगी समीक्षा बैठक

इसी क्रम में 10 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की ओर से यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें जनजातीय समुदाय से जुड़े मुद्दों, क्षेत्रीय समस्याओं और संबंधित मामलों पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की जाएगी।

आयोग की टीम में उप सचिव मनोहर एन. सुकोले, सहायक निदेशक पी.के. दास, निजी सचिव कुशेश्वर साहू, विधिक सलाहकार राहुल यादव, अन्वेषक रूहुल बागड़ी, वरिष्ठ अन्वेषक सोनल राज, अन्वेषक रिया राजपूत और निजी सहायक विवेक कुमार शामिल रहे।

You may also like

Leave a Comment