झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त अवसर, बेहतर सुविधाएं और सहयोग मिलने पर दिव्यांगजन अपनी क्षमताओं के दम पर हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं।

राज्यपाल बुधवार को रांची के नामकुम स्थित दीपशिखा संस्था के नवनिर्मित सूचना केंद्र के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने संस्था की गतिविधियों की जानकारी ली और वहां मौजूद बच्चों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने दिव्यांगजनों के कल्याण और उनके विकास के लिए संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
शिक्षा से रोजगार तक समान अवसर जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांगजनों की क्षमताओं को निखारने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल प्रशिक्षण, खेल और रोजगार के क्षेत्र में पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके साथ ही सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। इससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और समाज के साथ देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा पाएंगे।
दिव्यांगजनों को सम्मान देना सबकी जिम्मेदारी
संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मानजनक जीवन, समान अवसर और आत्मनिर्भरता उपलब्ध कराना केवल सरकार का दायित्व नहीं है। इस दिशा में प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को भी मिलकर काम करना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही दिव्यांगजनों के लिए अधिक समावेशी और सहयोगपूर्ण वातावरण तैयार किया जा सकता है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने दीपशिखा संस्था के कार्यों को प्रोत्साहन देने के लिए अपने विवेकाधीन अनुदान मद से एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।






