रांची में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की चयन पद परीक्षा चरण XIV/2026 के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी तरह की अव्यवस्था या कदाचार रोकने के लिए केंद्रों के आसपास 200 मीटर के क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की गई है।
SSC पूर्वी क्षेत्र, कोलकाता की ओर से यह परीक्षा रांची के तीन केंद्रों पर 16 से 26 सितंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।
सुबह 5 बजे से रात 9:30 बजे तक प्रभावी रहेगा आदेश
प्रशासन का यह आदेश परीक्षा अवधि के दौरान प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात 9:30 बजे तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, 20 सितंबर को इसमें छूट दी गई है।
निर्धारित परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के भीतर पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। इसके अलावा लाउडस्पीकर या अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल, हथियार अथवा किसी प्रकार के हरवे-हथियार के साथ आवाजाही और सभा या बैठक आयोजित करने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

हालांकि सरकारी काम में तैनात अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रमों और शवयात्रा को इन प्रतिबंधों से बाहर रखा गया है।
तीन पालियों में होगी परीक्षा
प्रशासन के अनुसार परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 8 बजे से शाम 6:30 बजे तक निर्धारित है।
रांची में परीक्षा के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें Ideal International School, Daladili, Capstone Tech Online Examination Centre, Kanke और Cambridge Institute of Technology, Tatisilwai शामिल हैं।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा का भी व्यापक इंतजाम किया है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, भीड़ या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति को रोकना है।