Tuesday, October 6, 2026
Home » बोकारो : नाके से फरार XUV बिरसा बासा में धराई, अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद

बोकारो : नाके से फरार XUV बिरसा बासा में धराई, अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद

by उर्वशी शेखर
0 comments

बोकारो में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान पिंड्राजोरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा XUV से 45 कार्टन में रखी 1080 कैन हायवर्ड्स बीयर बरामद की। वाहन और शराब की खेप को जब्त करते हुए पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस नाका तोड़कर भागा चालक

पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल की तरफ से चास की ओर जा रही एक XUV में बड़ी मात्रा में अवैध बीयर ले जाई जा रही है। इसके बाद पिंड्राजोरा पुलिस ने चास कॉलेज के समीप वाहन जांच शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नाका तोड़ दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू कर दिया।

बिरसा बासा के पास पकड़ी गई XUV

पीछा करते हुए पुलिस ने सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बिरसा बासा के पास वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर XUV के भीतर 45 कार्टन में कुल 1080 कैन बीयर मिलीं।

पुलिस के मुताबिक, शराब को बिना वैध अनुमति के परिवहन किया जा रहा था। इस संबंध में पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 109/26 दर्ज किया गया है। वाहन मालिक, चालक सहित तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बीयर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे चास में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

You may also like

Leave a Comment