राजधानी के हरमू हाउसिंग कॉलोनी में जमीन के विवाद और कथित रंगदारी को लेकर एक महिला डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। 52 वर्षीय रेडियोलॉजिस्ट डॉ. निशि कुमारी ने दो युवकों पर घर में घुसकर गाली-गलौज करने, कपड़े फाड़ने और गला दबाकर जान लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर अरगोड़ा थाने में ज्ञान गौरव और सौरभ सुमन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

डॉ. निशि कुमारी के अनुसार, घटना 13 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे की है। आरोप है कि दोनों युवक हरमू स्थित उनके फ्लैट में घुस आए और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने महिला डॉक्टर का हाथ खींचा और उनके कपड़े फाड़ने की कोशिश की। पीड़िता ने गला दबाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने जमीन पर रहने के बदले पैसे देने का दबाव बनाया। महिला डॉक्टर का कहना है कि शोर सुनकर राम प्रजापति और अन्य लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन इसके बावजूद दोनों युवकों ने कथित तौर पर मारपीट जारी रखी और राम प्रजापति के साथ भी हाथापाई की। इस घटना में डॉ. निशि कुमारी के दाएं कंधे में गंभीर चोट आई है। उन्होंने गले में दर्द की भी शिकायत की है।
जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप
डॉ. निशि कुमारी दिल्ली में रेडियोलॉजिस्ट के रूप में कार्यरत हैं और कभी-कभी रांची आती हैं। उनका आरोप है कि उनकी जमीन के पास रहने वाले दोनों युवक लंबे समय से उन्हें जमीन खाली करने की धमकी दे रहे थे। जमीन छोड़ने के बदले पैसे की मांग किए जाने का भी उन्होंने दावा किया है।
महिला डॉक्टर के मुताबिक, जमीन की नियमित देखभाल करने वाला कोई नहीं है। उनका आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर दोनों युवक जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश गोराई ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के तहत आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।






