बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में निजी सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति और मौजूदा होमगार्ड जवानों को हटाने की कथित तैयारी के खिलाफ विरोध शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में जवानों ने बोकारो डीसी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती पर रोक लगाने के साथ अपनी सेवाएं जारी रखने की मांग की।

होमगार्ड जवानों का कहना है कि वे दशकों से बीएसएल की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। आंदोलनों और मुश्किल परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी ड्यूटी निभाई है। इसके बावजूद उन्हें हटाकर निजी एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी की जा रही है।
कृत्रिम पैर के सहारे भी निभा रहीं ड्यूटी
होमगार्ड जवान रुपांजलि ने बताया कि लंबे समय तक बीएसएल में सेवा के दौरान ड्यूटी करते हुए उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनका एक पैर काटना पड़ा। इसके बावजूद वह कृत्रिम पैर के सहारे आज भी संस्थान में काम कर रही हैं। उन्होंने अपनी सेवा और समर्पण का हवाला देते हुए जवानों को हटाने की कथित योजना पर सवाल उठाया।
वहीं, महिला जवान गायत्री देवी ने बताया कि वह वर्ष 1990-91 से बीएसएल में तैनात हैं। वर्ष 1996-97 के आंदोलनों के दौरान भी उन्होंने कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 600 जवानों के नाम पर केवल 400 से काम लिया जा रहा है, जबकि बाकी 200 जवानों का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं है।
1984 से सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं गृह रक्षक
एक अन्य जवान ने बताया कि वर्ष 1984 से होमगार्ड बीएसएल की सुरक्षा संभाल रहे हैं। वर्ष 2010 में भी उन्हें हटाने की कोशिश हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नए अधिकारी निजी हितों के लिए निजी सुरक्षा एजेंसियों को बढ़ावा देना चाहते हैं।
प्रदर्शनकारी जवानों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर निजी गार्डों की नियुक्ति रोकने और वर्षों से सेवा दे रहे होमगार्डों के रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।








