Home » झारखंड के 397 नवनियुक्त होमगार्ड को अग्निशमन सेवा का प्रशिक्षण, 9 नवंबर से चार केंद्रों पर शुरू होगा कार्यक्रम

झारखंड के 397 नवनियुक्त होमगार्ड को अग्निशमन सेवा का प्रशिक्षण, 9 नवंबर से चार केंद्रों पर शुरू होगा कार्यक्रम

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड में अग्निशमन सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में नवनियुक्त चालक कोटि के 397 गृह रक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। होम गार्ड, झारखंड के महानिदेशक सह महासमादेशक एवं अग्निशमन सेवा के कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इन गृह रक्षकों को अगले एक वर्ष के लिए अग्निशमन सेवा में प्रतिनियुक्त किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत 9 नवंबर से होगी। इसके तहत चयनित जवानों को दो सप्ताह तक बुनियादी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस प्रशिक्षण में 298 पुरुष और 99 महिला गृह रक्षक शामिल होंगे। राज्य के अलग-अलग प्रमंडलों से आने वाले जवानों की सुविधा और प्रशिक्षण व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए चार केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थानों में उनके प्रशिक्षण की जिम्मेदारी तय की गई है। सभी गृह रक्षकों को निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा।

Advertisement 2
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

चार केंद्रों पर होगी प्रशिक्षण की व्यवस्था

रांची के धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में दक्षिणी छोटानागपुर और कोल्हान प्रमंडल के गृह रक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, चाईबासा, सरायकेला और जमशेदपुर के कुल 182 जवान शामिल होंगे।

वहीं, पलामू के चियांकी स्थित प्रशिक्षण केंद्र में पलामू प्रमंडल के 33 गृह रक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इनमें डालटनगंज, गढ़वा और लातेहार जिले के जवान शामिल हैं।

उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के लिए हजारीबाग के सिन्दूर स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान को निर्धारित किया गया है। इस केंद्र में हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, रामगढ़, बोकारो और धनबाद के कुल 120 गृह रक्षक प्रशिक्षण लेंगे।

इसी तरह संथाल परगना प्रमंडल के जवानों को दुमका के नकटी स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां दुमका, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा के 62 गृह रक्षक शामिल होंगे।

अग्निशमन कार्यों के लिए तैयार किए जाएंगे जवान

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नवनियुक्त गृह रक्षकों को अग्निशमन सेवा से जुड़े कार्यों के लिए व्यावहारिक और बुनियादी रूप से सक्षम बनाना है। इसके जरिए उनकी कार्यक्षमता और पेशेवर दक्षता विकसित करने पर जोर दिया जाएगा, ताकि प्रतिनियुक्ति अवधि के दौरान वे अग्निशमन सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।

इस पूरी प्रक्रिया को लेकर संबंधित जिलों के जिला समादेशकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

You may also like

Leave a Comment