Home » MMDR कानून से झारखंड को 13 हजार करोड़ की चपत? विधानसभा में सरकार ने उठाए सवाल

MMDR कानून से झारखंड को 13 हजार करोड़ की चपत? विधानसभा में सरकार ने उठाए सवाल

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड सरकार ने केंद्र के नए खनन संशोधन कानून के खिलाफ विधानसभा में राजकीय संकल्प पेश कर इसे वापस लेने की मांग की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को सदन के समक्ष यह प्रस्ताव रखा। सरकार का दावा है कि The Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Act, 2026 लागू होने से राज्य को सालाना करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। इसका असर विकास योजनाओं और खनन प्रभावित समुदायों के कल्याण पर पड़ेगा।

विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार की ओर से 25 नवंबर को जारी पत्र के मुताबिक, केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को इस संशोधन कानून को अधिसूचित किया था। राज्य सरकार की आपत्ति है कि इसके प्रावधान खनिज संपदा और खनन वाली जमीन पर टैक्स, उपकर या सेस लगाने के राज्यों के अधिकारों को सीमित करते हैं। साथ ही पुराने बकाया और लंबित वसूली के दावों को भी अमान्य कर दिया गया है।

Advertisement 2
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

कल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा असर

सरकार का कहना है कि राजस्व में संभावित कमी से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं के लिए धन जुटाना मुश्किल होगा। इसका सबसे अधिक असर उन समुदायों पर पड़ सकता है, जो खनन क्षेत्रों में रहते हैं और विस्थापन, भूमि अधिग्रहण, पर्यावरणीय नुकसान तथा सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव की चुनौतियां झेलते हैं।

प्रस्ताव में राज्य के झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस अधिनियम, 2024 का भी उल्लेख है। सरकार के अनुसार, इस कानून के माध्यम से सालाना लगभग 13 हजार करोड़ रुपये जुटाने की व्यवस्था की गई थी, जिसका उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों और वंचित वर्गों के विकास में होना था। नए केंद्रीय संशोधन से इस व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई गई है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दिया हवाला

अपने पक्ष में राज्य सरकार ने जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट की नौ सदस्यीय संविधान पीठ के Mineral Area Development Authority बनाम Steel Authority of India Ltd. मामले में दिए गए फैसले का उल्लेख किया है। अदालत ने स्पष्ट किया था कि खनिज युक्त भूमि भी भूमि की श्रेणी में आती है और संविधान की सातवीं अनुसूची की राज्य सूची की प्रविष्टि-49 के तहत राज्यों को उस पर कर लगाने का अधिकार है। इसके लिए खनिज के मूल्य या उत्पादन को आधार बनाया जा सकता है।

इसी फैसले के आधार पर झारखंड सरकार का तर्क है कि खनिज संसाधनों से जुड़े वित्तीय अधिकार राज्यों की संवैधानिक स्वायत्तता का हिस्सा हैं। इनसे मिलने वाले राजस्व का उपयोग खनन से होने वाले नुकसान की भरपाई और प्रभावित आबादी के विकास में किया जा सकता है।

राजकीय संकल्प के माध्यम से केंद्र से संशोधन कानून पर पुनर्विचार कर इसे वापस लेने की मांग की गई है। सरकार का कहना है कि राज्य के वित्तीय अधिकार सुरक्षित रहने से ही विकास योजनाओं के साथ आदिवासी, दलित, पिछड़े और महिला वर्गों के उत्थान के प्रयास जारी रखे जा सकेंगे। मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद, मंत्रिपरिषद की स्वीकृति की प्रत्याशा में यह प्रस्ताव विधानसभा के विशेष सत्र में चर्चा के लिए रखा गया।

You may also like

Leave a Comment