परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अपना रुख स्पष्ट करने की तैयारी में है। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को पार्टी के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर दो बजे प्रस्तावित इस बैठक में दोनों विधेयकों के राजनीतिक और संसदीय पहलुओं पर चर्चा होगी।

बैठक में झामुमो के सभी पांच सांसदों के शामिल होने की संभावना है। लोकसभा में पार्टी का प्रतिनिधित्व दुमका के सांसद नलिन सोरेन, राजमहल के विजय हांसदा और चाईबासा की सांसद जोबा मांझी करते हैं। वहीं, राज्यसभा में महुआ माजी और बैद्यनाथ राम पार्टी की ओर से अपनी बात रखते हैं।
दरअसल, केंद्र सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित दोनों विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है। संसद में इन प्रस्तावों पर संभावित चर्चा को देखते हुए झामुमो भी अपनी संसदीय रणनीति को अंतिम रूप देना चाहता है।
हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होने वाले विचार-विमर्श के दौरान यह तय किया जा सकता है कि पार्टी दोनों विधेयकों पर समर्थन करेगी या विरोध का रुख अपनाएगी। इसके अलावा संसद के दोनों सदनों में झामुमो सांसद किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे और पार्टी की ओर से किस तरह अपनी बात रखी जाएगी, इस पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।








