Tuesday, October 6, 2026
Home » वियतनाम हादसा : आज भारत लाया जायेगा राजा और विनय के पार्थिव शरीर; दूतावास उठाएगा परिवहन खर्च

वियतनाम हादसा : आज भारत लाया जायेगा राजा और विनय के पार्थिव शरीर; दूतावास उठाएगा परिवहन खर्च

0 comments

वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले झारखंड के राजा वर्मा और विनय यादव के पार्थिव शरीर शनिवार को भारत लाए जाएंगे। दोनों शव पहले कोलकाता पहुंचेंगे और वहां से उन्हें रांची लाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद पार्थिव शरीर परिवार को सौंपे जाएंगे।

जानकारी के मुताबिक, भारतीय वाणिज्य दूतावास, हो ची मिन्ह सिटी ने शवों को वियतनाम से भारत लाने की व्यवस्था अपने स्तर पर की है। दूतावास ने संबंधित एजेंसियों को भी परिवहन की प्रक्रिया और खर्च से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करा दी है।

हनोई से कोलकाता आएंगे दोनों शव

निर्धारित उड़ान कार्यक्रम के अनुसार, दोनों पार्थिव शरीर IndiGo की फ्लाइट 6E1632 से हनोई से कोलकाता लाए जाएंगे। विमान 3 अक्टूबर को सुबह 11:50 बजे हनोई से उड़ान भरेगा और दोपहर 1:10 बजे कोलकाता पहुंचने का निर्धारित समय है। कोलकाता पहुंचने के बाद दोनों शवों को सड़क मार्ग से रांची लाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपे जाएंगे।

राजा वर्मा और विनय यादव के परिवारों के लिए राहत की बात यह है कि वियतनाम से कोलकाता तक शवों के परिवहन का खर्च भारतीय वाणिज्य दूतावास वहन कर रहा है। यानी विदेश से पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए परिजनों को कोई भुगतान नहीं करना होगा।

दोनों की मौत के बाद से परिवार उनके पार्थिव शरीर के भारत लौटने की प्रतीक्षा कर रहे थे। शनिवार को शवों के भारत पहुंचने के बाद रांची में अंतिम संस्कार से जुड़ी आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी।

You may also like

Leave a Comment