Table of Contents
गिरिडीह में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशा श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्सव उपवन स्थित उनके आवासीय परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में करीब 20 से 25 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने गांडेय विधायक कल्पना सोरेन बुधवार को ही गिरिडीह पहुंच गई थीं।
उत्सव उपवन परिसर में बड़ी संख्या में लोगों के बैठने के लिए चार विशाल पंडाल तैयार किए गए हैं। प्रत्येक पंडाल में करीब 5 से 6 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। इसके अलावा दो अलग स्थानों पर श्रद्धांजलि सभा के लिए भी व्यवस्था की गई है। जिस जगह सुदिव्य कुमार सोनू आम लोगों से मुलाकात किया करते थे, वहीं उनकी बड़ी तस्वीर लगाकर श्रद्धांजलि स्थल तैयार किया गया है।

भोजन-पानी से लेकर सुरक्षा तक इंतजाम
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए भोजन की जिम्मेदारी धनबाद की कैटरिंग टीम को दी गई है। परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर कार्यक्रम स्थल तक जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था की गई है। संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटी है।
राज्य के कई बड़े नेता होंगे शामिल
श्राद्ध कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भी गिरिडीह पहुंचने की जानकारी है। इसके अलावा दोपहर तक राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इनमें दीपिका पांडेय सिंह, डॉ. इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, योगेंद्र प्रसाद, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव के नाम शामिल हैं।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के भी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
शहर में जगह-जगह दिख रही दिवंगत नेता की तस्वीर
सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में गिरिडीह शहर के प्रमुख मार्गों को बड़े-बड़े कटआउट से सजाया गया है। डुमरी रोड, देवघर रोड, धनबाद रोड और जमुआ रोड पर लगाए गए कटआउट के जरिए दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी जा रही है। उत्सव उपवन से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में उनके समर्थक और आम लोग उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन कर रहे हैं।