छठ महापर्व के दौरान राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें सभी डीएसपी और थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक में छठ घाटों की सुरक्षा के साथ पूजा के दौरान खाली रहने वाले मकानों की निगरानी को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग पूजा और अर्घ्य के लिए घाटों पर जाते हैं। इस दौरान घरों में ताला लगा रहने के कारण चोरी की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में गश्त तेज करने और बंद मकानों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है।
पुराने चोरों की गतिविधियों पर भी नजर
बैठक में चोरी की वारदातों में पहले शामिल रहे और वर्तमान में सक्रिय अपराधियों की सूची तैयार करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस ऐसे लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखेगी, ताकि त्योहार के दौरान किसी वारदात को अंजाम देने से पहले ही उन्हें रोका जा सके।
रांची पुलिस का लक्ष्य छठ महापर्व के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी चिंता के पर्व मना सकें और उनके घर भी सुरक्षित रहें।








