50 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ी गई खूंटी महिला थाना और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की तत्कालीन प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को झारखंड हाईकोर्ट से भी राहत नहीं मिली है। न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी की अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। इससे पहले रांची की विशेष निगरानी अदालत भी उनकी जमानत अर्जी ठुकरा चुकी है। अब उन्हें जेल में ही रहना होगा।

मामले की शुरुआत खूंटी के हुरलूंग गांव निवासी श्याम कुमार की शिकायत से हुई थी। उन्होंने रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी से जुड़े एक मामले में आरोपी को राहत देने और उसका नाम हटाने के बदले सुलेखा कुमारी सपना ने 4.50 लाख रुपये की मांग की थी।
ACB ने बिछाया जाल, 50 हजार लेते पकड़ी गईं
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। इसके आधार पर 29 जुलाई 2026 को एसीबी थाना कांड संख्या 15/2026 दर्ज की गई। अगले ही दिन, 30 जुलाई को टीम ने खूंटी महिला थाना परिसर में जाल बिछाया और सुलेखा कुमारी सपना को कथित तौर पर रिश्वत के 50 हजार रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया। जांच के अनुसार, यह पूरी रकम में से पहली किस्त थी।
गिरफ्तारी के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी ने रांची की विशेष निगरानी अदालत में जमानत के लिए आवेदन दिया था, लेकिन वहां से याचिका खारिज हो गई। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में अपील की। हालांकि, यहां भी अदालत ने राहत देने से इनकार कर दिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस विभाग ने उन्हें निलंबित भी कर दिया था।








