झारखंड के पलामू जिले में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल परिसर में एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु के शव को मुंह में दबाकर घूमता रहा। मंगलवार सुबह हुई इस घटना का वीडियो अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आए, लेकिन दोपहर तक नवजात का शव बरामद नहीं हो सका था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की। नवजात के शव की तलाश के लिए पुलिस के डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि फिलहाल बच्चे के शव को बरामद करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। इसके बाद घटना के पीछे की परिस्थितियों और संभावित लापरवाही की पड़ताल की जाएगी। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि नवजात का शव अस्पताल परिसर तक कैसे पहुंचा और इसकी जिम्मेदारी किसकी थी।
गायनी वार्ड के पास मिला था शव का सुराग
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जिस इलाके में कुत्ते के साथ नवजात का शव देखा गया, उसके नजदीक ही अस्पताल का गायनी वार्ड स्थित है। इसी वार्ड में प्रसव कराया जाता है। ऐसे में जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात किस अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित था और उसका शव परिसर में किन परिस्थितियों में पहुंचा।
सदर एसडीएम संजय पांडेय के नेतृत्व में अस्पताल और उसके आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जांच के तहत सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों और संबंधित कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
निजी अस्पतालों से भी मांगी जा रही जानकारी
नवजात की पहचान और घटना की कड़ी जोड़ने के लिए आसपास के निजी अस्पतालों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हाल के दिनों में कहीं किसी नवजात की मौत तो नहीं हुई और यदि हुई है, तो उसके शव के निस्तारण की प्रक्रिया का पालन किया गया था या नहीं।
नियमों के अनुसार, अज्ञात नवजात के शव से जुड़े ऐसे मामले में पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर जांच करनी होती है। फिलहाल प्रशासन का ध्यान शव की बरामदगी और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने पर है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस गंभीर मामले में किस स्तर पर चूक हुई।








