झारखंड विधानसभा में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव की स्थिति बन गई। बहस के दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। दोनों नेताओं के बीच बढ़ती तल्खी के कारण सदन का माहौल गरमा गया। स्थिति को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी।

दरअसल, SIR पर अपनी बात रखते हुए प्रदीप यादव ने निर्वाचन आयोग की इस प्रक्रिया की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को आम लोगों के मताधिकार की चिंता करनी चाहिए, लेकिन वे सदन में जनता की बजाय निर्वाचन आयोग का पक्ष रखते दिखाई दे रहे हैं।
प्रदीप यादव ने भाजपा और केंद्र पर लगाया आरोप
कांग्रेस विधायक ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कानूनी प्रक्रिया है, लेकिन इसकी आड़ में किसी भी नागरिक के मतदान के अधिकार को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि संदिग्ध मतदाताओं की पहचान के नाम पर देशभर के लोगों को परेशानी में डालना उचित नहीं है। प्रदीप यादव ने इस पूरी कवायद को केंद्र सरकार और भाजपा की सोची-समझी रणनीति बताते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए लोगों का मताधिकार सीमित करने की कोशिश हो रही है।
बाबूलाल मरांडी ने जताई नाराजगी
प्रदीप यादव के लगातार नाम लेने और लगाए गए आरोपों पर बाबूलाल मरांडी ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल के नेता इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री की बजाय बार-बार उनका नाम लेकर अनावश्यक रूप से विवाद खड़ा कर रहे हैं। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
सदन में बढ़ते हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने हस्तक्षेप किया। प्रदीप यादव का संबोधन समाप्त होने के बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।








