उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। दोनों दलों की समन्वय समिति मंगलवार को कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर बैठक कर चुनावी समीकरणों पर चर्चा की। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई इस बैठक से पहले सोमवार को भी दोनों पक्षों के नेताओं के बीच बातचीत हुई थी। अब गठबंधन के नेता जल्द से जल्द सीटों पर सहमति बनाने की कोशिश में जुटे हैं।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सपा को 120 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। इसमें सीटों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। पहली श्रेणी में 55 सीटें हैं, जहां पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ना चाहती है। दूसरी में उन सीटों को रखा गया है, जहां कांग्रेस का पिछला प्रदर्शन बेहतर रहा है। तीसरी श्रेणी में ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां पार्टी को जीत की संभावना दिख रही है। अब सपा नेतृत्व इस प्रस्ताव पर विचार करेगा।
अमेठी-रायबरेली पर बढ़ सकती है खींचतान
सीट बंटवारे में अमेठी और रायबरेली का मुद्दा अहम हो सकता है। कांग्रेस इन दोनों जिलों की सभी विधानसभा सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारना चाहती है। हालांकि, 2022 के चुनाव में इन 10 सीटों में से छह पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। मौजूदा विधानसभा में कांग्रेस का कोई विधायक नहीं है। ऐसे में कांग्रेस की मांग स्वीकार करने पर अखिलेश यादव को अपने स्थानीय नेताओं की दावेदारी और गठबंधन के हितों के बीच संतुलन बनाना होगा।
सीटों से ज्यादा जीत पर जोर
अखिलेश यादव पहले ही संकेत दे चुके हैं कि गठबंधन में सीटों की संख्या से अधिक जीत की संभावना मायने रखेगी। उनका जोर ऐसे उम्मीदवारों को मौका देने पर है, जिनकी अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ हो। कांग्रेस भी इसी रणनीति के आधार पर सीटों का बंटवारा चाहती है।
दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए जल्द समझौता होने की उम्मीद जताई है। हालांकि, मंगलवार की बैठक में शामिल होने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल नहीं पहुंचे। अब देखना होगा कि दोनों पार्टियां क्षेत्रीय दावेदारियों और चुनावी संभावनाओं के बीच तालमेल बिठाकर सीटों के बंटवारे पर कब तक अंतिम मुहर लगाती हैं।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट








