भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 23 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वह रांची में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। लंबे अंतराल के बाद हो रही इस बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति, पार्टी की गतिविधियों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें नितिन नबीन के स्वागत और कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा के साथ आयोजन को लेकर जरूरी व्यवस्थाओं पर विचार किया जा रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से मिलेगी नई दिशा: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नितिन नबीन के झारखंड दौरे को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसके करीब 18 करोड़ कार्यकर्ता हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को उनका मार्गदर्शन मिलेगा। इसे लेकर संगठन में उत्साह है।
केंद्रीय योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही पार्टी झारखंड सरकार की नीतियों और कामकाज को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखेगी। उन्होंने राज्य सरकार पर जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा इस मुद्दे को उठाएगी और सरकार के अहंकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी।
नितिन नबीन के दौरे को प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक लिहाज से अहम माना जा रहा है। कार्यसमिति की बैठक में पार्टी की आगे की कार्ययोजना तय करने और राज्य में राजनीतिक गतिविधियों को गति देने पर भी फोकस रहने की संभावना है।






