तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस पर ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए मुआवजा राशि बढ़ाने की घोषणा की। एसपी और आईपीएस अधिकारियों के परिजनों को अब दो करोड़ रुपये मिलेंगे। वहीं, होमगार्ड के लिए अनुग्रह राशि पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है।

हैदराबाद के गोशामहल पुलिस मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने बताया कि हेड कांस्टेबल और सब-इंस्पेक्टर के लिए मुआवजा 45 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये तथा इंस्पेक्टर के लिए 50 लाख से बढ़ाकर 1.25 करोड़ रुपये किया गया है। डीएसपी और एडिशनल एसपी के लिए 1.50 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के सभी रिक्त पदों पर 2028 तक नियुक्तियां पूरी करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने डीएसपी के 110 पदों पर भर्ती को भी अहम कदम बताया।
रेवंत रेड्डी ने पुलिस अधिकारियों से महिला और बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने तथा न्याय प्रक्रिया में देरी रोकने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया। समारोह में पुलिस महानिदेशक सीवी आनंद सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट






