रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना एनएच-23 पर मुरूबंदा के पास उस समय हुई, जब एक कार की यात्री बस से जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद फतुहा, पटना लौट रहे थे। इसी दौरान मुरूबंदा के समीप कार और यात्री बस की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार तीन लोग हादसे की चपेट में आ गए।
मृतक की पहचान गोविंदपुर, फतुहा निवासी अधिवक्ता प्रसन्नजीत कुमार पांडेय के रूप में हुई है। हादसे में बांकीपुर, फतुहा निवासी वीर सिंह समेत एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।