Tuesday, October 6, 2026
Home » भीषण सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी का निधन; राज्यपाल और CM ने जताया शोक

भीषण सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी का निधन; राज्यपाल और CM ने जताया शोक

by उर्वशी शेखर
0 comments

जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे झारखंड को झकझोर दिया। सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक हादसा करीब तीन बजे हुआ।

मृतकों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है। रिपोर्टों के अनुसार, चारों छात्र थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ब्रेकडाउन ट्रक से टकराई कार

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मरीन ड्राइव पर एक व्यावसायिक ट्रक खराब होने के बाद सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने पीछे से उसमें टक्कर मार दी। घटनास्थल की तस्वीरों में ट्रक को चार लेन वाली सड़क पर खड़ा देखा गया है। हादसे के कारणों और सड़क पर खड़े वाहन की स्थिति को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

दुर्घटना के बाद कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। कार को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।

मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने जताया शोक

हादसे की सूचना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तृषा सिंह और अन्य मृतकों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता के लिए अत्यंत कठिन होता है।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी दुर्घटना में चार लोगों की मौत पर शोक प्रकट किया। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें धैर्य और शक्ति मिलने की कामना की।

हादसे की जानकारी फैलते ही मंत्री के गृह क्षेत्र समेत राज्य के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है। घटना को लेकर पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

You may also like

Leave a Comment