Table of Contents
पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य क्षेत्र के साथ-साथ औद्योगिक निवेश को भी गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। कोलकाता के न्यू टाउन स्थित बंगाल सिलिकॉन वैली टेक हब में गुरुवार को 2,000 बेड वाले ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ की आधारशिला रखी गई। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने परियोजना की शुरुआत की। यह अस्पताल करीब 51 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित किया जाएगा और इस पर लगभग 4,000 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होने की योजना है।
परियोजना को सिर्फ एक अस्पताल तक सीमित नहीं रखा गया है। इसे पूर्वी भारत के लिए एक बड़े मेडिकल और एजुकेशनल हब के तौर पर विकसित करने की योजना है। प्रस्तावित परिसर में मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल के साथ मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पैरामेडिकल और एलाइड हेल्थ साइंसेज संस्थान भी होंगे। यहां हर साल 150 से अधिक मेडिकल स्नातक, 100 से ज्यादा पोस्टग्रेजुएट और 40 से अधिक सुपर-स्पेशियलिटी डॉक्टरों को प्रशिक्षण देने की योजना है।
गरीब मरीजों के लिए आधे बेड
अदाणी ग्रुप के मुताबिक अस्पताल के 2,000 बेड में से 1,000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों के लिए निर्धारित किए जाएंगे। इन मरीजों को केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। परियोजना के जरिए प्रतिवर्ष दो लाख से अधिक मरीजों को भर्ती कर इलाज देने और 20 लाख से ज्यादा लोगों को ओपीडी सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

अस्पताल परिसर में स्टेप-डाउन और ट्रांजिशनल केयर जैसी सुविधाएं भी विकसित होंगी। मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए मेडिटेल और विश्राम गृह बनाए जाने की योजना है। इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मियों और उनके परिवारों के लिए आवासीय सुविधाएं भी परिसर का हिस्सा होंगी।
कैंसर उपचार पर शुरुआती फोकस
अस्पताल के पहले चरण में कैंसर उपचार को प्रमुख प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए आधुनिक जांच, विशेषज्ञ चिकित्सा और अत्याधुनिक उपचार सुविधाएं विकसित करने की योजना है। आगे चलकर अलग-अलग चिकित्सा क्षेत्रों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाने की तैयारी है।
परियोजना में चिकित्सा अनुसंधान को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। जीनोमिक्स, प्रिसीजन मेडिसिन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बायोमेडिकल इंफॉर्मेटिक्स, मॉलिक्यूलर साइंस और क्लिनिकल ट्रायल जैसे क्षेत्रों में शोध के लिए एक समर्पित इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य शोध को मरीजों की बेहतर जांच, उपचार और बीमारी की रोकथाम से जोड़ना है।
Mayo Clinic और SingHealth से साझेदारी
अदाणी फाउंडेशन ने चिकित्सा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञता लाने के लिए अमेरिका की Mayo Clinic Global Consulting और सिंगापुर की SingHealth के साथ साझेदारी की है। इन सहयोगों के माध्यम से क्लिनिकल केयर, मेडिकल एजुकेशन, डिजिटल हेल्थ, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और चिकित्सा कर्मियों के प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञ सहयोग लेने की योजना है।
परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 10,000 रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। इसके साथ ही मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से पूर्वी भारत के मरीजों को इलाज के लिए दूसरे महानगरों की ओर जाने की जरूरत कम करने का लक्ष्य रखा गया है।

2035 तक बंगाल में ₹1 लाख करोड़ से ज्यादा निवेश
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने अस्पताल परियोजना के साथ पश्चिम बंगाल में व्यापक निवेश योजना का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि समूह वर्ष 2035 तक राज्य में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने की दिशा में काम करेगा।
प्रस्तावित निवेश पोर्ट और लॉजिस्टिक्स से लेकर रिन्यूएबल एनर्जी, बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन, सड़क-पुल, ग्रीन सीमेंट और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में किया जाना है। अदाणी ने पश्चिम बंगाल को पूर्वी भारत में समूह के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने परियोजना को राज्य के स्वास्थ्य ढांचे और व्यापक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल के तेज विकास के बिना देश के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना मुश्किल होगा। उन्होंने अदाणी समूह से राज्य के पुनर्निर्माण और आर्थिक विकास में बड़ी भूमिका निभाने की अपेक्षा भी जताई।

कुमारटुली घाट और राइटर्स बिल्डिंग भी एजेंडे में
अदाणी समूह की बंगाल योजनाओं का दायरा स्वास्थ्य और औद्योगिक निवेश तक सीमित नहीं है। समूह ने ऐतिहासिक कुमारटुली घाट के पुनर्विकास में सहयोग की घोषणा की है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल सरकार के साथ राइटर्स बिल्डिंग के संरक्षण एवं पुनरुद्धार और कोलकाता की दुर्गा पूजा को वैश्विक मंच पर बढ़ावा देने से जुड़े समझौते भी किए गए हैं।
‘अदाणी पूजो प्रीव्यू’ पहल के जरिए दुर्गा पूजा से जुड़े आयोजकों, कलाकारों, कारीगरों और सेवा प्रदाताओं समेत पूरे पूजा इकोसिस्टम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की योजना है।
इस तरह न्यू टाउन का प्रस्तावित अदाणी आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य सेवा, मेडिकल शिक्षा, अनुसंधान और रोजगार को एक ही परिसर में जोड़ने वाली परियोजना के रूप में सामने आया है। आने वाले चरणों में इसके भीतर अलग-अलग सुपर-स्पेशियलिटी केंद्र विकसित किए जाने की योजना है।