Home » Jharkhand TET Exam: 986 केंद्रों पर परीक्षा जारी, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Jharkhand TET Exam: 986 केंद्रों पर परीक्षा जारी, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड में करीब 10 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) आयोजित की जा रही है। राज्य के सभी 24 जिलों में होने वाली इस परीक्षा में कुल 5,65,916 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए 986 केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने सुरक्षा, निगरानी और यातायात प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।

दो पालियों में हो रही परीक्षा

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 4
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

JTET का आयोजन दो पालियों में किया जा रहा है। पहली पाली में कक्षा 6 से 8 तक के लिए परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है। इसके लिए सुबह 9 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। वहीं, कक्षा 1 से 5 तक के अभ्यर्थियों की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी। दूसरी पाली के उम्मीदवारों को दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा।

मेटल डिटेक्टर से जांच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक

परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जा रही है। मेटल डिटेक्टर से जांच के अलावा पानी की बोतलों से रैपर हटवाए जा रहे हैं। पुरुष परीक्षार्थियों को बेल्ट उतारकर प्रवेश दिया जा रहा है।

मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। बैग, पर्स, किताबें और नोट्स ले जाने की भी अनुमति नहीं है। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का स्पष्ट प्रिंटआउट, मूल फोटो पहचान पत्र और पारदर्शी बॉडी वाला बॉलपॉइंट पेन साथ रखना अनिवार्य है। केंद्रों पर निजी सामान रखने की सुविधा नहीं होगी।

CCTV और साइबर सेल से निगरानी

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरों, स्ट्रांग रूम, यातायात व्यवस्था, अग्निशमन सेवाओं और अस्पतालों की आपातकालीन तैयारियों की निगरानी की व्यवस्था की है। संवेदनशील इलाकों में निषेधाज्ञा लागू की गई है।

साइबर सेल सोशल मीडिया पर विशेष नजर रख रही है। पेपर लीक या फर्जी प्रश्नपत्र के नाम पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए होटलों में भी औचक जांच की गई है।

दिव्यांग अभ्यर्थियों को 30 मिनट अतिरिक्त समय

दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी और दोनों हाथों से दिव्यांग पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जा रहा है। निर्धारित शर्तों के तहत श्रुतिलेखक की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

करीब एक दशक बाद हो रही JTET परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह है। परीक्षा के जरिए राज्य में शिक्षक बनने की पात्रता हासिल करने की दिशा में हजारों उम्मीदवार अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

You may also like

Leave a Comment