नवरात्र के शुभारंभ पर पीरपैंती के 68 आदिवासी परिवारों के जीवन में नई शुरुआत हुई। लंबे समय से भूमिहीन और स्थायी आवास के अभाव में रह रहे संथाल और पहाड़िया समुदाय के परिवारों को अब पक्के घर मिल गए हैं। अदाणी पावर प्लांट की सीएसआर पहल के तहत अदाणी फाउंडेशन ने इन आवासों का निर्माण कराया है।

शनिवार को आयोजित सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम में लाभार्थी परिवारों को उनके नए मकानों की चाबियां सौंपी गईं। कार्यक्रम में पीरपैंती के विधायक मुरारी पासवान मुख्य अतिथि रहे। प्रशासन की ओर से एसडीएम राकेश रंजन, अंचलाधिकारी चंद्रशेखर कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। चाबी मिलने के बाद सभी परिवारों ने अपने नए घरों में प्रवेश किया।
सरकार की जमीन पर बने घर
पीरपैंती पावर प्लांट क्षेत्र में लंबे समय से रह रहे भूमिहीन संथाल और पहाड़िया परिवारों को राज्य सरकार की ओर से जमीन उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद उन्हें स्थायी और सुरक्षित आवास मुहैया कराने की जिम्मेदारी अदाणी फाउंडेशन ने उठाई। अदाणी पावर प्लांट के सीएसआर फंड से इन परिवारों के लिए आवास तैयार किए गए।
इन घरों के मिलने से परिवारों को सिर्फ छत ही नहीं मिली, बल्कि लंबे समय से चली आ रही अस्थिरता से भी राहत मिली है।
चाबी हाथ में आते ही खिल उठे चेहरे
नए घर की चाबी हाथ में आने के बाद लाभार्थी परिवारों, खासकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। वर्षों से स्थायी मकान की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों के लिए नवरात्र का पहला दिन यादगार बन गया।सामूहिक गृह प्रवेश के साथ 68 परिवारों ने नए घर में नई उम्मीदों के साथ कदम रखा। यह पहल उनके लिए सुरक्षित जीवन, सम्मान और स्थायित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






