बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार को निर्माणाधीन पुल पर काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लालगंज थाना क्षेत्र से गुजर रहे एनएच-139डब्ल्यू फोरलेन पर पुल निर्माण में इस्तेमाल किया जा रहा भारी लॉन्चर अचानक नीचे आ गिरा। हादसे में वहां काम कर रहे सात मजदूर घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। इनमें तीन मजदूरों की हालत को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया।
स्थानीय निवासी के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुल का निर्माणाधीन हिस्सा अचानक ढह गया था। स्थानीय लोगों ने कई मजदूरों के घायल होने की बात कही। उनका आरोप है कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ अधिकारी वहां से चले गए।

वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि यह सड़क परियोजना भारतमाला परियोजना के तहत बनाई जा रही है। पुल पर निर्माण सामग्री पहुंचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली लॉन्चर मशीन के गिरने से दुर्घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में कुल सात मजदूर घायल हुए हैं। सभी को शुरुआती चिकित्सा दी गई, जबकि तीन को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना
हादसे को लेकर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुल निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी ने दावा किया कि निर्माण कार्यों में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के कारण राज्य में पुलों से जुड़ी दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार पर ऐसे मामलों में जिम्मेदारी तय करने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।