छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डूमरतराई इलाके में एक महिला और उसके दो मासूम बेटों की हत्या के मामले में पुलिस ने अहम जानकारी दी है। शुरुआती जांच के मुताबिक, पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते पति ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पहले पत्नी पर चाकू से हमला किया और जब दोनों बेटे मां को बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। फिलहाल वह गंभीर हालत में रायपुर के मेकाहारा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है।
माना थाना प्रभारी जितेंद्र डहरिया के मुताबिक, आरोपी भुवनेश्वर साहू को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। 27 सितंबर को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस के अनुसार, गुस्से में भुवनेश्वर ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। उसने महिला पर करीब 15 बार चाकू से वार किए। इस दौरान मां की चीख-पुकार सुनकर उसके 11 और 9 साल के दोनों बेटे बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोपी ने बच्चों पर भी चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चों के शरीर पर छह से सात बार चाकू से वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद को भी किया घायल
पत्नी और दोनों बेटों पर हमला करने के बाद भुवनेश्वर ने खुद को भी चाकू से घायल कर लिया। आशंका जताई जा रही है कि वह आत्महत्या करना चाहता था। हालांकि, इस संबंध में आरोपी का बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घायल आरोपी को रायपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और आईसीयू में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी भुवनेश्वर साहू मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बालोद जिले का निवासी है। वह अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित डूमरतराई के साहू पारा में रह रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पत्नी के चरित्र को लेकर आरोपी का संदेह दोनों के बीच तनाव की प्रमुख वजह बताया जा रहा है।
अस्पताल पहुंचने से पहले महिला की मौत
पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे हुई थी। वारदात की सूचना मिलने के बाद माना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उस समय दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल थी।
महिला को तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है।
माना पुलिस अब आरोपी के स्वास्थ्य में सुधार होने का इंतजार कर रही है। उसका बयान दर्ज होने के बाद घटना के घटनाक्रम और हत्या के पीछे की परिस्थितियों को लेकर आगे की जांच की जाएगी।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट