बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे तेज प्रताप यादव अब मनोरंजन की दुनिया में नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। वह रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के सीजन-2 में कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हो रहे हैं। शो में शामिल होने से पहले सोमवार को उन्होंने पटना में रोड शो किया और लोगों से संवाद किया।
तेज प्रताप अपने आवास से हज भवन की ओर बढ़ते हुए रोड शो में समर्थकों के बीच दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने लोगों से शो में उन्हें समर्थन देने और वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनके व्यक्तिगत समर्थन का सवाल नहीं है, बल्कि इसे पूरे बिहार से जोड़कर देखा जाना चाहिए।
15 कंटेस्टेंट के बीच होगी रणनीति की जंग
‘राइज एंड फॉल-2’ में कुल 15 प्रतिभागी हिस्सा लेने वाले हैं। शो की थीम में प्रतियोगियों के बीच सत्ता, रणनीति, गठजोड़ और बदलते समीकरणों को प्रमुखता दी जाएगी। तेज प्रताप यादव की मौजूदगी ने शो की चर्चा को खास तौर पर बिहार और उनके समर्थकों के बीच बढ़ा दिया है।

तेज प्रताप के अलावा पूर्व भाजपा प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला, काजल राघवानी, सारा गुरपाल, स्वरा भास्कर, प्रियंका चाहर चौधरी और करण पटेल समेत मनोरंजन जगत से जुड़े कई चर्चित चेहरे भी इस सीजन का हिस्सा होंगे।
26 सितंबर से शुरू होगा दूसरा सीजन
रियलिटी शो का दूसरा सीजन 26 सितंबर 2026 से शुरू होने जा रहा है। शो में तेज प्रताप यादव की भागीदारी को लेकर उनके समर्थकों के साथ-साथ दर्शकों में भी उत्सुकता बनी हुई है।
राजनीतिक मंचों पर सक्रिय रहने के बाद तेज प्रताप का रियलिटी शो में प्रतियोगी के रूप में नजर आना उनके सार्वजनिक जीवन का एक अलग पहलू सामने लाएगा।