Table of Contents
पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला थाना क्षेत्र स्थित काशिदा न्यू कॉलोनी में 56 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतका के छोटे बेटे गोवर्धन गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शनिवार को मामूली विवाद के बाद उसने अपनी मां उमा गोस्वामी के सिर पर लकड़ी की कुंदी से हमला कर दिया था। गंभीर चोट के कारण उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शव को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और करीब तीन दिनों तक उसी मकान में सामान्य तरीके से रह रहा था। सोमवार रात घर से तेज दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों को शक हुआ और मामले की जानकारी सामने आई।
अस्पताल जाने को कहने पर हुआ विवाद
उमा गोस्वामी घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी थीं और काशिदा न्यू कॉलोनी स्थित अपने घर में छोटे बेटे के साथ रहती थीं। उनका बड़ा बेटा गिरधारी गोस्वामी दुमका गांव में रहता है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गोवर्धन ने हत्या की बात स्वीकार की है। बताया गया कि शनिवार सुबह उमा ने उसे अस्पताल चलने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में गोवर्धन ने घर में रखी लकड़ी की कुंदी से मां के सिर पर वार कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने शव को एक कमरे में रखकर दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। वह खुद दूसरे कमरे में रहने लगा और सामान्य रूप से घर से बाहर आता-जाता रहा। बताया जा रहा है कि वह बाहर से खाना-पानी लाकर घर में ही रह रहा था।

दुर्गंध से खुला राज
सोमवार रात आसपास तेज दुर्गंध फैलने के बाद पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने इसकी जानकारी उमा की बेटी प्रमिला गोस्वामी को दी। प्रमिला के वहां पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घाटशिला पुलिस स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों के साथ देर रात मकान पर पहुंची। जांच के दौरान एक कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। उसे खोलने पर अंदर उमा गोस्वामी का शव मिला। शव की स्थिति से कई दिनों से कमरे में पड़े होने की पुष्टि हुई।
हत्या में इस्तेमाल लकड़ी की कुंदी बरामद
प्रमिला गोस्वामी के लिखित आवेदन के आधार पर घाटशिला थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए गोवर्धन गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी की कुंदी भी बरामद की है।
मंगलवार को घाटशिला महिला थाना प्रभारी मंजुश्री कुंकल अनुमंडल अस्पताल पहुंचीं और शव से संबंधित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई। मृतका के दामाद प्रेम कुमार पटना और राहुल सिंह नरसिंहगढ़ से अस्पताल पहुंचे।
अस्पतालकर्मी बासुदेव सीट और समाजसेवी कालीराम शर्मा की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए करीब 45 किलोमीटर दूर जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा गया। करमा पूजा के कारण मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।