Wednesday, October 7, 2026
Home » मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन पर अभियंताओं में शोक, JESA ने कहा- तकनीकी मामलों की गहरी समझ थी

मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन पर अभियंताओं में शोक, JESA ने कहा- तकनीकी मामलों की गहरी समझ थी

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ (JESA) ने गहरी संवेदना जताई है। नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे सुदिव्य सोनू के निधन को संघ ने राज्य और अभियंत्रण क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया।

JESA के महासचिव मो. आरिफ इकबाल ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू तकनीकी और अभियंत्रण विभागों से जुड़े विषयों की बारीकियों को समझने में विशेष रुचि रखते थे। विभागीय चुनौतियों के समाधान के लिए वह अभियंताओं से नियमित संवाद करते और उनके सुझावों पर चर्चा को महत्व देते थे। उनके इस व्यवहार से तकनीकी अधिकारियों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाने में मदद मिलती थी।

संघ के पूर्व महासचिव राहुल कुमार ने कहा कि सुदिव्य सोनू नई सोच और तकनीकी बदलावों को अपनाने के समर्थक थे। उनका जोर आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल और समय के साथ काम करने के तरीकों में सुधार पर रहता था। कार्य विभाग की जिम्मेदारी के दौरान उन्होंने अभियंताओं की गरिमा के साथ-साथ उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने को भी प्राथमिकता दी।

JESA ने कहा कि सुदिव्य सोनू का निधन केवल प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्र की क्षति नहीं है, बल्कि इससे अभियंत्रण जगत ने भी एक ऐसे जनप्रतिनिधि को खो दिया, जो तकनीकी विषयों को गंभीरता से समझने और अभियंताओं के साथ संवाद करने में विश्वास रखते थे।

संघ ने दिवंगत मंत्री के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अभियंता समुदाय उनके कार्यों और उनके साथ जुड़े अनुभवों को लंबे समय तक याद रखेगा। साथ ही, ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

You may also like

Leave a Comment