कोयला खान भविष्य निधि संगठन (CMPFO) के पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की समय सीमा नजदीक आ रही है। सभी पेंशनरों को 30 नवंबर तक अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होगा। निर्धारित अवधि में प्रमाण पत्र नहीं देने पर जनवरी से पेंशन भुगतान प्रभावित हो सकता है।

CMPFO के आंकड़ों के अनुसार, संगठन के कुल 48,588 पेंशनरों में से अब तक 26,039 ने जीवन प्रमाण पत्र जमा किया है। यह कुल पेंशनरों का 53.59 प्रतिशत है। शेष 22,549 पेंशनरों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। ऐसे में समय सीमा के भीतर प्रमाण पत्र जमा करना उनके लिए जरूरी है।
पेंशनरों की सुविधा के लिए CMPFO ने जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के डिजिटल और ऑफलाइन, दोनों विकल्प उपलब्ध कराए हैं। इसके अलावा, बुजुर्ग पेंशनरों की मदद के लिए देशभर में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यहां उन्हें डिजिटल प्रमाण पत्र तैयार करने और जमा करने में सहायता दी जा रही है।
वेतन से कटौती के बावजूद CMPFO खाते में राशि नहीं पहुंचने का आरोप
दूसरी ओर, कोल इंडिया के कर्मचारियों के पेंशन अंशदान को लेकर भी सवाल उठे हैं। कोल इंडिया आईटीआई इंप्लाइज एसोसिएशन ने 18 नवंबर को प्रबंधन को पत्र लिखकर कर्मचारियों के पेंशन अंशदान का नियुक्ति से लेकर अब तक का सालाना ब्योरा मांगा है।
संगठन का आरोप है कि नार्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) की कई परियोजनाओं में कर्मचारियों के वेतन से पेंशन के नाम पर नियमित कटौती की गई, लेकिन संबंधित राशि लंबे समय तक CMPFO के खातों में जमा नहीं हुई। इससे सेवानिवृत्ति के समय कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
एसोसिएशन ने यह मुद्दा भी उठाया है कि पुराने से नए वेतनमान में बदलाव के बावजूद कुछ परियोजनाओं में पेंशन अंशदान की दरों में संशोधन नहीं किया गया। संगठन ने मांग की है कि प्रत्येक वित्तीय वर्ष के अंत में कर्मचारियों को उनके वेतन से हुई कटौती, प्रबंधन के योगदान और जमा राशि पर मिले ब्याज का पूरा हिसाब दिया जाए। साथ ही, इस व्यवस्था को कोल इंडिया की सभी परियोजनाओं में अनिवार्य रूप से लागू किया जाए।








