झारखंड के सरकारी कर्मचारियों को ऑनलाइन वेतन पर्ची, सेवा इतिहास और अवकाश से जुड़े कार्यों के लिए अब आवेदन करते समय जरूरी कागजात का विशेष ध्यान रखना होगा। वित्त विभाग ने इन सेवाओं से संबंधित आवेदनों के निष्पादन को आसान बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अलग-अलग तरह के दावों और अनुरोधों के लिए 11 श्रेणियों में आवश्यक दस्तावेज निर्धारित किए गए हैं।

विभाग के अवर सचिव सुधीर कुमार की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि कई कर्मचारी ऑनलाइन आवेदन तो करते थे, लेकिन उसके साथ जरूरी प्रमाण-पत्र नहीं लगाते थे। इससे वैयक्तिक दावा निर्धारण कोषांग को आवेदनों की जांच और निष्पादन में परेशानी होती थी। अधूरे दस्तावेजों के कारण आवेदन वापस करने पड़ते थे, जिससे प्रक्रिया में अनावश्यक देरी होती थी।
नई व्यवस्था का उद्देश्य आवेदन की प्रक्रिया को व्यवस्थित करना और कर्मचारियों के लंबित दावों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करना है। इस संबंध में सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, सचिवों, विभागाध्यक्षों, प्रमंडलीय आयुक्तों और उपायुक्तों को निर्देश की जानकारी दे दी गई है।
अलग-अलग कार्यों के लिए निर्धारित किए गए दस्तावेज
वित्त विभाग ने कर्मचारियों की सेवा संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 11 श्रेणियों में कागजात की सूची तय की है:
1. पहली बार योगदान करने पर: नियुक्ति पत्र, पदस्थापन आदेश, योगदान प्रतिवेदन, जन्म और चिकित्सा प्रमाण-पत्र, दहेज संबंधी घोषणा, फोटो तथा अवकाश और वाहन-आवास आवंटन से संबंधित स्वघोषणा देनी होगी।
2. अराजपत्रित से राजपत्रित पद पर प्रोन्नति: प्रोन्नति अधिसूचना, पदस्थापन आदेश, नए पद पर योगदान और पुराने पद से विरमन का प्रमाण, अद्यतन सत्यापित मूल सेवा पुस्तिका, अंतिम वेतन प्रमाण-पत्र तथा आवश्यक स्वघोषणाएं देनी होंगी।
3. स्थानांतरण होने पर: स्थानांतरण आदेश, पुराने कार्यालय से विरमन प्रतिवेदन (F-202), नए कार्यालय में योगदान का प्रमाण, अंतिम वेतन प्रमाण-पत्र और अवकाश व वाहन-आवास संबंधी घोषणाएं जरूरी होंगी।
4. सेवा संपुष्टि या विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण करने पर: परीक्षा उत्तीर्णता प्रमाण-पत्र, सेवा संपुष्टि आदेश और जरूरत के अनुसार राजस्व या विधि वाद से जुड़े अभिलेखों की स्वीकृति देनी होगी। कंप्यूटर ज्ञान और प्रशिक्षण के प्रमाण-पत्र भी मांगे जा सकते हैं।
5. निलंबन की स्थिति में: सक्षम प्राधिकार का निलंबन आदेश, प्रभार छोड़ने का प्रतिवेदन, निर्धारित मुख्यालय में योगदान संबंधी आवेदन और अंतिम वेतन प्रमाण-पत्र जमा करना होगा।
6. अवकाश, निलंबन या प्रतीक्षा अवधि के विनियमन पर: संबंधित अवधि के विनियमन का आदेश, प्रभार त्याग और दोबारा योगदान का प्रतिवेदन, मुख्यालय में योगदान संबंधी आवेदन तथा अंतिम वेतन प्रमाण-पत्र देना होगा।
7. अद्यतन वेतन पर्ची के लिए: निर्धारित आवेदन पत्र के साथ अवकाश और वाहन या आवास आवंटन नहीं होने से संबंधित स्वघोषणा संलग्न करनी होगी।
8. वेतन पुनर्निर्धारण के लिए: वेतन पुनर्निर्धारण का आदेश, अद्यतन सत्यापित मूल सेवा पुस्तिका, आवेदन पत्र, अंतिम वेतन प्रमाण-पत्र और संबंधित स्वघोषणाएं जरूरी होंगी।
9. अंतिम वेतन पर्ची के लिए: आवेदन पत्र, जहां लागू हो वहां मूल सेवा पुस्तिका और अवकाश व वाहन-आवास संबंधी घोषणाएं देनी होंगी। प्रोन्नति हुई है तो उसका आदेश और योगदान प्रतिवेदन भी लगाना होगा।
10. सेवा इतिहास प्राप्त करने के लिए: आवेदन के साथ अद्यतन सत्यापित मूल सेवा पुस्तिका और वैयक्तिक दावा निर्धारण कोषांग की ओर से जारी अंतिम वेतन पर्ची जमा करनी होगी। प्रोन्नति से जुड़े दस्तावेज भी आवश्यकतानुसार देने होंगे।
11. उपार्जित अवकाश के नकदीकरण के लिए: विधिवत भरा हुआ आवेदन, उपार्जित अवकाश की स्वीकृति का पत्र और जहां लागू हो, अनापत्ति प्रमाण-पत्र से संबंधित दस्तावेज देने होंगे।
अधूरे आवेदन से बचेंगे कर्मचारी
वित्त विभाग के इस निर्देश से कर्मचारियों को आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेजों की जानकारी पहले ही मिल सकेगी। इससे बार-बार कागजात जमा करने और आवेदन लौटाए जाने की समस्या कम होने की उम्मीद है। विभाग का प्रयास है कि वेतन, सेवा और अवकाश से जुड़े मामलों का निष्पादन अधिक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से हो।








