Tuesday, October 6, 2026
Home » नेतरहाट आवासीय विद्यालय में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग, अभिभावकों ने DC से लगाई गुहार

नेतरहाट आवासीय विद्यालय में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग, अभिभावकों ने DC से लगाई गुहार

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड के प्रतिष्ठित नेतरहाट आवासीय विद्यालय में एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। प्राचार्य की नियुक्ति से जुड़ा मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब सीनियर छात्रों पर नव नामांकित जूनियर विद्यार्थियों के साथ कथित रैगिंग और मारपीट के आरोप लगे हैं।

मामले को लेकर जूनियर छात्रों के अभिभावकों ने मंगलवार को लातेहार के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय में कुछ सीनियर छात्र रैगिंग के नाम पर नए विद्यार्थियों को प्रताड़ित करते हैं। शिकायत में डराने-धमकाने के अलावा शारीरिक हिंसा के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

हॉकी स्टिक और क्रिकेट विकेट से पिटाई का आरोप

अभिभावकों के मुताबिक, कथित रैगिंग के दौरान जूनियर छात्रों के साथ मारपीट की जाती है। आरोप है कि कुछ मामलों में विद्यार्थियों को हॉकी स्टिक, क्रिकेट के विकेट और मच्छरदानी के डंडों से भी पीटा गया। अभिभावकों ने कहा कि ऐसी घटनाओं से बच्चों में भय का माहौल बन रहा है और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

उन्होंने उपायुक्त से हस्तक्षेप करते हुए विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और तनावमुक्त माहौल सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही रैगिंग के आरोपों की गंभीरता से जांच कराने की भी अपील की गई है।

प्राचार्य बोले- अब तक नहीं मिली शिकायत

वहीं, विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार ने रैगिंग की शिकायत मिलने से इनकार किया है। उनका कहना है कि संस्थान में एंटी रैगिंग सेल सक्रिय है, लेकिन अब तक उसके समक्ष इस तरह की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

प्राचार्य ने कहा कि यदि जांच के दौरान रैगिंग की शिकायत सही पाई जाती है, तो संबंधित छात्रों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब अभिभावकों की शिकायत के बाद पूरे मामले की जांच और विद्यालय प्रबंधन की कार्रवाई पर नजर रहेगी। प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालय में सामने आए इन आरोपों ने छात्रों की सुरक्षा और एंटी रैगिंग व्यवस्था की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

You may also like

Leave a Comment