राजधानी रांची में शनिवार को जेएनयू के एक प्रोफेसर पर लगाए गए कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर सियासी माहौल गरमा गया। बीजेपी महिला मोर्चा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसके दौरान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। बाद में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी मौके पर पहुंचकर बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता श्रद्धानंद रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च कर रही थीं। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी थी और बैरिकेडिंग की गई थी। कार्यालय के पास पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश के दौरान पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

इसी बीच महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो और सुंदरी तिर्की भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचीं। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी शुरू हो गई और कुछ देर के लिए कांग्रेस कार्यालय के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
बीजेपी ने राहुल-प्रियंका पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजाम पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए। बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महिलाओं के अधिकारों और पितृसत्ता के खिलाफ लगातार आवाज उठाते हैं, लेकिन अपनी पार्टी के सांसद से जुड़े इस मामले पर उनकी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बीजेपी महिला मोर्चा ने मामले में आरोपी सांसद के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की और कांग्रेस नेतृत्व से अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया राजनीतिक मुद्दा भटकाने का आरोप
वहीं, कांग्रेस महिला मोर्चा ने बीजेपी के प्रदर्शन को राजनीति से प्रेरित करार दिया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बीजेपी मौजूदा मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए ऐसे विरोध-प्रदर्शनों का सहारा ले रही है।
कांग्रेस ने बीजेपी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पार्टी वास्तव में महिलाओं के अधिकारों को लेकर गंभीर है, तो उसे दूसरे मामलों में भी समान रूप से आवाज उठानी चाहिए। इस तरह दोनों दलों के आमने-सामने आने से रांची में शनिवार को काफी देर तक राजनीतिक तनाव का माहौल बना रहा।