हजारीबाग में जनगणना कार्यों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जबरा स्थित पंचायत प्रमंडल प्रशिक्षण केंद्र में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। इसका उद्घाटन अपर समाहर्ता महेंद्र छोटन उरांव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उपायुक्त सह जिला जनगणना पदाधिकारी हेमंत सती के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के लिए जनगणना निदेशालय, झारखंड, रांची के सहायक निदेशक ज्ञान चन्द महतो और जिला समन्वयक नीरज कुमार साहू को मास्टर प्रशिक्षक के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। दोनों प्रशिक्षक प्रतिभागियों को जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं और कार्यों के निष्पादन से संबंधित जानकारी दे रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़े निर्धारित मानकों, प्रशासनिक जिम्मेदारियों और व्यावहारिक प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया जा रहा है। इसका उद्देश्य कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी देकर जनगणना की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए तैयार करना है।
जिला से प्रखंड स्तर तक के अधिकारी शामिल
इस कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना पदाधिकारी, बरही के अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल जनगणना पदाधिकारी और जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज जनगणना पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। इनके अलावा अपर चार्ज जनगणना पदाधिकारी, जिला स्तरीय तकनीकी कोषांग और जनगणना कोषांग के अधिकारी-कर्मचारी तथा कंप्यूटर ऑपरेटर भी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में जनगणना के संचालन से जुड़े तकनीकी और व्यावहारिक विषयों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य प्रशिक्षित कर्मियों के माध्यम से जनगणना संबंधी कार्यों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराना है।









