रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी की कोर कमिटी की अहम बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक को संगठन के अगले चरण की रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल के झारखंड दौरे के बाद हुई बैठक में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान झारखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा के साथ संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की गई। नेताओं ने पार्टी के स्तर पर चल रहे कार्यक्रमों की प्रगति, आगामी अभियानों और संगठन को और सक्रिय करने की रणनीति पर भी मंथन किया। आने वाले दिनों में पार्टी किन मुद्दों को प्राथमिकता और संगठनात्मक स्तर पर किस तरह की कार्ययोजना लागू होगी, इस पर भी चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, सह-प्रभारी सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह शामिल रहे। राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास और मधु कोड़ा, केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय और डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी भी बैठक में मौजूद रहे।

इसके अलावा संगठन महामंत्री पवन साय, निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, मनोज सिंह, अमर कुमार बाउरी और अनंत ओझा समेत अन्य वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल हुए।
नए प्रदेश प्रभारी के साथ हुई इस बैठक को भाजपा के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की दिशा तय करने की अहम कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।