Wednesday, October 7, 2026
Home » गिरिडीह में ASI के बेटे की ह*त्या से सनसनी, SIT ने संभाली जांच; AJSU छात्र संघ नेता की तलाश जारी

गिरिडीह में ASI के बेटे की ह*त्या से सनसनी, SIT ने संभाली जांच; AJSU छात्र संघ नेता की तलाश जारी

by उर्वशी शेखर
0 comments

डुमरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर बंदरकुप्पी के पास एएसआई के बेटे ऋतिक यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव की निगरानी में गठित टीम ने आरोपियों की तलाश और साक्ष्य जुटाने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

जांच टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और स्पेशल सेल के मणिकांत की टीम शामिल है। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक छह से अधिक लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दायरे में बंदरकुप्पी के मैगी दुकान संचालक के अलावा आजसू छात्र संघ से जुड़े कुछ नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हैं।

सतीश यादव की तलाश में पुलिस

मामले में सामने आए प्रमुख नामों में पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव भी शामिल है। बताया जा रहा है कि सतीश का संबंध आजसू छात्र संघ से है और वह संगठन की जिला कमेटी में उपाध्यक्ष के पद पर है। हाल में जिला कमेटी के पुनर्गठन के दौरान उसका नाम सामने आया था।

पुलिस ने मामले की जांच के क्रम में आजसू छात्र संघ के जिलाध्यक्ष अक्षय यादव को भी थाने बुलाकर पूछताछ की है। अधिकारियों ने उससे सतीश यादव के संगठन से जुड़े होने और उसकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। पूछताछ में अक्षय ने सतीश के जिला उपाध्यक्ष होने की पुष्टि की है।

वहीं, पुलिस की एक टीम सतीश यादव और घटना में कथित तौर पर शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। जांच अधिकारी आरोपियों तक पहुंचने के लिए पूछताछ के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

मैगी खाने पहुंचे ऋतिक से कहासुनी के बाद बिगड़ी बात

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे एएसआई के बेटे ऋतिक यादव अपने कुछ दोस्तों के साथ बंदरकुप्पी स्थित एक मैगी पॉइंट पर गया था। इसी दौरान वहां सतीश यादव से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद सतीश ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुलाया। इसके बाद ऋतिक और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की गई। ऋतिक को गंभीर रूप से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल बन गया। पुलिस अब घटना के पीछे के विवाद, मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका और हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान को लेकर जांच कर रही है।

You may also like

Leave a Comment