रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाज करा रहा एक कैदी मंगलवार तड़के सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो गया। घटना करीब सुबह चार बजे की बताई जा रही है। फरार कैदी की पहचान 45 वर्षीय हाथिया हेंब्रम के रूप में हुई है, जो पाकुड़ का रहने वाला है।
हाथिया को ब्रेन से संबंधित बीमारी के उपचार के लिए 20 सितंबर को पाकुड़ से रिम्स लाया गया था। उसे मेडिसिन ICU में भर्ती किया गया था, जहां डॉ. ऋषि गुड़िया की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था।
बाथरूम जाने की बात कहकर निकला, फिर नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह हाथिया ने ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों से बाथरूम जाने की बात कही। इसके बाद वह बाथरूम की ओर गया। इसी दौरान उसने सुरक्षा में तैनात जवानों को चकमा दिया और अस्पताल परिसर से बाहर निकलने में सफल रहा।

कुछ देर बाद कैदी के वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। उसके फरार होने की जानकारी मिलते ही रिम्स में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पुलिस ने शुरू की तलाश, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना की सूचना मिलने के बाद रिम्स अधीक्षक डॉ. हीरेंद्र बिरुआ मेडिसिन ICU पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को घटना से अवगत कराया।
सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कैदी किस तरह सुरक्षा घेरे से बाहर निकला। फिलहाल पुलिस और रिम्स प्रशासन की टीमें हाथिया हेंब्रम की तलाश में जुटी हैं। घटना ने अस्पताल में कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।