राजधानी रांची में लगातार हो रही तेज बारिश ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते शहर की नदियों और जलाशयों में पानी तेजी से बढ़ रहा है। इसी क्रम में नामकुम क्षेत्र से गुजरने वाली स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर भी काफी ऊपर पहुंच गया है।

जलस्तर बढ़ने के कारण नामकुम रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित पुल पर नदी का पानी चढ़ गया है। पुल के ऊपर से पानी बहने के चलते इस मार्ग पर वाहनों और लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। स्थानीय लोगों को अब अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है।

इसका सीधा असर आसपास के लोगों की दैनिक आवाजाही पर पड़ा है। जहां सामान्य स्थिति में करीब 300 मीटर की दूरी तय करनी होती थी, वहीं रास्ता बंद होने के बाद लोगों को लगभग 4 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है।
स्वर्णरेखा के बढ़ते जलस्तर ने नदी के आसपास रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। लगातार बारिश और जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी के आसपास जाने से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।








