लोहरदगा जिले में पुलिस महकमे के स्तर पर व्यापक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर नौ सब-इंस्पेक्टरों की नई पदस्थापना की गई है। तबादले की सूची में पांच अधिकारियों को अलग-अलग थानों की कमान सौंपी गई है, जबकि अन्य अधिकारियों को थाना और तकनीकी शाखा में तैनात किया गया है।
नई जिम्मेदारियों के तहत मनोज कुमार को सेन्हा, वारिस हुसैन को किस्को, नीरज झा को कुडू, अविनाश राम को बगडू और रवि रंजन कुमार को कैरो थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा अजीत कुमार को तकनीकी शाखा में भेजा गया है।
वहीं, मानस कुमार साधु और दिनेश कुमार की पदस्थापना लोहरदगा थाना में की गई है। कुंदन कुमार रवानी, जो अब तक कैरो थाना में तैनात थे, उन्हें स्थानांतरित कर सेन्हा थाना भेजा गया है।

एसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को बिना विलंब नई जगह पर योगदान देने और इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
थाना प्रभारियों के लिए जिम्मेदारी भी स्पष्ट कर दी गई है। उन्हें सात दिनों के अंदर मालखाना का प्रभार संभालने के साथ लंबित मामलों से जुड़े दस्तावेज और केस का प्रभार संबंधित पुलिस अधिकारियों को सौंपना होगा।
आदेश में लापरवाही को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रभार हस्तांतरण में किसी तरह की अनियमितता या उदासीनता सामने आने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।