मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए छत्तीसगढ़ के जशपुर राजपरिवार के सदस्य उनके पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस कठिन समय में अपनी संवेदनाएं साझा कीं और दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

जशपुर के महाराजा एवं पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव के साथ महारानी अमृता सिंह जूदेव, युवराज यश प्रताप जूदेव और राजकुमार आर्य प्रताप जूदेव ने मुख्यमंत्री से भेंट की। इस दौरान राजपरिवार के सदस्यों ने रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुलाकात के दौरान शोकाकुल परिवार के प्रति एकजुटता जताते हुए राजपरिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही, ईश्वर से हेमंत सोरेन और उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहने का संबल देने की कामना की।






