Table of Contents
रांची सदर अस्पताल में दांतों से संबंधित इलाज और तकनीकी सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अस्पताल में AI आधारित Digital CAD-CAM Dental Lab स्थापित करने की योजना को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत इस परियोजना पर कुल 2 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की मंजूरी के बाद सदर अस्पताल की प्रस्तावित लैब को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए एक मॉडल सेंटर के रूप में विकसित करने की तैयारी है। यहां डिजिटल तकनीक के जरिए दांतों के उपचार और उनसे जुड़े विभिन्न कार्य किए जाएंगे।
सरकारी दर पर मिलेंगी आधुनिक Dental सुविधाएं
प्रस्तावित केंद्र में Endodontics (Endo) और Orthodontics (Ortho) से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। मरीजों को ये सुविधाएं सरकारी दरों पर देने का लक्ष्य रखा गया है। इससे महंगी निजी डेंटल लैब पर मरीजों की निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।
इस परियोजना में कैंसर मरीजों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। Maxillofacial Cancer से प्रभावित मरीजों के लिए 3D प्रिंटेड Obturator तैयार किए जाएंगे। उपचार के बाद मरीजों के पुनर्वास में इस तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

डॉक्टरों को भी दी जाएगी डिजिटल तकनीक की ट्रेनिंग
सिर्फ उपकरण स्थापित करने तक योजना सीमित नहीं रहेगी। डॉक्टरों और Dental Auxiliaries को नई डिजिटल तकनीकों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में Digital Dentistry की सेवाओं को मजबूत करना है।
परियोजना के बजट में 1 करोड़ 46 लाख 50 हजार रुपये Dental Lab के उपकरणों और Clinical Support System के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा एक वर्ष के नियमित संचालन से जुड़े खर्च के लिए 35 लाख रुपये का प्रावधान है।
रखरखाव से लेकर कंप्यूटर तक के लिए अलग बजट
योजना के तहत Technical और Clinical Human Resources पर 25 लाख रुपये, दो वर्षों के रखरखाव के लिए 20 लाख रुपये और लैब के विकास कार्यों के लिए 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं कंप्यूटर, फर्नीचर और प्रिंटर जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए 8 लाख रुपये का बजट रखा गया है।
सरकार के अनुसार, इस पूरी परियोजना के लिए वित्तीय संसाधन मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से प्राप्त राशि और राज्य योजना के बजट से जुटाए जाएंगे।
नई लैब के शुरू होने के बाद रांची सदर अस्पताल में आधुनिक डेंटल उपचार, डिजिटल डिजाइन और 3D आधारित सुविधाओं को एक ही केंद्र पर उपलब्ध कराने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।