Home » रांची की सड़कों पर उतरे यमराज! हेलमेट नहीं पहनने वालों को ऐसे सिखाया सबक

रांची की सड़कों पर उतरे यमराज! हेलमेट नहीं पहनने वालों को ऐसे सिखाया सबक

by उर्वशी शेखर
0 comments

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए परिवहन विभाग ने ग्रामीण रांची में विशेष अभियान चलाया। परिवहन सचिव राजीव रंजन की मौजूदगी में दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी समेत कई इलाकों में वाहन चालकों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित यातायात का महत्व समझाया गया।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 4
Advertisement 5
Advertisement 5

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले करीब 600 से 700 लोगों को जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि हेलमेट पहनना केवल नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि सिर में गंभीर चोट और जानलेवा हादसों का खतरा कम करने का एक अहम तरीका है। लोगों के बीच निःशुल्क हेलमेट और सड़क सुरक्षा से संबंधित पर्चे भी बांटे गए।

सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर: परिवहन सचिव

परिवहन सचिव राजीव रंजन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों की जान बचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सड़क सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों में नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है। यातायात नियमों का पालन केवल प्रशासन के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी आदत और जीवनशैली का हिस्सा बनाकर किया जाना चाहिए।

उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में गाड़ी चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों से सड़क तथा फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्क करने का आग्रह किया।

माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर दिया सुरक्षित सफर का संदेश

अभियान के दौरान लोगों को यातायात नियमों के प्रति प्रेरित करने के लिए अनूठा तरीका अपनाया गया। वाहन चालकों को माला पहनाई गई और मुंह मीठा कराकर सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया गया। लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों की सोच और व्यवहार में बदलाव लाकर दुर्घटनाओं को रोकना है। सड़क हादसे में किसी व्यक्ति की मौत से उसके परिवार को गहरा भावनात्मक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसलिए यातायात नियमों का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

नुक्कड़ नाटक के जरिए समझाए लापरवाही के नुकसान

लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए गए। कलाकारों ने हेलमेट नहीं पहनने, तेज गति से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने के खतरों को प्रस्तुतियों के माध्यम से समझाया। नाटक में यमराज के पात्र का इस्तेमाल कर लापरवाही के संभावित परिणामों को रोचक अंदाज में दिखाया गया।

वहीं, दुकानदारों को सड़क पर सामान फैलाने और बड़े वाहनों को बेतरतीब खड़ा करने से होने वाली परेशानियों के बारे में बताया गया। उनसे सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान आगे भी चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य रांची सहित पूरे झारखंड में सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देना और अवैध पार्किंग व अतिक्रमण जैसी समस्याओं पर अंकुश लगाना है।

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार और अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र आशुतोष द्विवेदी तथा ट्रैफिक पुलिस के जवानों सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment