Wednesday, October 7, 2026
Home » ED की पूछताछ में आरती सिंह ने झाड़ा पल्ला, कहा-‘पति को है वित्तीय मामलों की जानकारी’

ED की पूछताछ में आरती सिंह ने झाड़ा पल्ला, कहा-‘पति को है वित्तीय मामलों की जानकारी’

by उर्वशी शेखर
0 comments

चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से जुड़े वित्तीय निवेश के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच जारी है। इसी कड़ी में उनकी पत्नी आरती सिंह से सोमवार, 31 अगस्त को ईडी अधिकारियों ने कई घंटे तक पूछताछ की। हालांकि, पूछताछ के दौरान उन्होंने निवेश और पैसों से जुड़े अधिकांश सवालों पर अपनी जानकारी से इनकार किया।

आरती सिंह ईडी की ओर से जारी तीसरे समन के आधार पर 31 अगस्त को एजेंसी के कार्यालय पहुंचीं। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अधिकारियों ने उनसे पूछताछ शुरू की, जो शाम करीब 5 बजे तक चली।

पूछताछ के दौरान ईडी ने यह जानने का प्रयास किया कि विभिन्न निवेशों के लिए धन की व्यवस्था कहां से हुई, रकम का इस्तेमाल किन-किन जगहों पर किया गया और निवेश में इस्तेमाल राशि का वास्तविक स्रोत क्या था। बताया जा रहा है कि इन सवालों पर आरती सिंह ने लगातार यही कहा कि उन्हें इन वित्तीय लेन-देन की जानकारी नहीं है और इसके बारे में उनके पति एलबी सिंह ही बता सकते हैं।

पहले भी पूछताछ में टालते रहे हैं एलबी सिंह

एलबी सिंह से जुड़े मामले में ईडी इससे पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। कोयला घोटाले से संबंधित पहले चरण की छापेमारी के बाद एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया था। कई बार समय दिए जाने के बाद वह ईडी के समक्ष उपस्थित हुए थे। हालांकि, पूछताछ के दौरान कई अहम सवालों पर उन्होंने जानकारी याद नहीं होने की बात कहकर जवाब देने से परहेज किया था।

इसके बाद दूसरे चरण की छापेमारी में करीब 160 करोड़ रुपये के वित्तीय निवेश को फ्रीज किए जाने की कार्रवाई सामने आई। इन निवेशों से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए ईडी ने एलबी सिंह के परिवार के अन्य सदस्यों को भी पूछताछ के लिए बुलाया।

एजेंसी ने उनके भाई विश्व विजय, साले रंजीत और पत्नी आरती सिंह को समन जारी किया था। विश्व विजय और रंजीत ने पूछताछ के लिए दो बार समय मांगा, जिसके बाद उन्हें तीसरा समन भेजा गया है।

वहीं, आरती सिंह तीसरे समन पर ईडी कार्यालय पहुंचीं और करीब कई घंटे तक अधिकारियों के सवालों का सामना किया। अब एजेंसी उनकी ओर से दिए गए जवाबों और जांच में सामने आए वित्तीय दस्तावेजों के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है।

You may also like

Leave a Comment