हजारीबाग शहर के बाबूगांव कोर्रा निवासी झमन महतो ने अपहरण, मारपीट और 55 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, चार-पांच लोगों ने उन्हें कार में अगवा कर चतरा के जंगल में ले जाकर पिस्टल के बट से हमला किया। इसके बाद रिहाई के बदले फिरौती मांगी और तत्काल पांच लाख रुपये देने का दबाव बनाया।

झमन महतो मूल रूप से बरकट्ठा थाना क्षेत्र के कपका गांव के निवासी हैं। शिकायत के मुताबिक, वह देर शाम अपने पैतृक गांव जा रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें अगवा कर लिया। मारपीट के बाद उनसे स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कराए गए और अहले सुबह दारू थाना क्षेत्र के पुनाई-बसरिया जंगल में छोड़ दिया गया।
घटना के बाद पीड़ित ने कोर्रा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में अपहरण के पीछे की वजह, आरोपियों की पहचान और स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कराने के उद्देश्य का पता लगाया जाएगा। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।






