त्रिपुरा के बोक्सानगर इलाके में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों पर हमले की घटना सामने आई है। सोमवार सुबह आशाबाड़ी क्षेत्र में उपद्रवियों के एक समूह ने तीन जवानों को निशाना बनाया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और हथियार छीनने की कोशिश भी हुई। हमलावरों ने एक सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में कुछ जवानों के घायल होने की सूचना है।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सुरक्षाकर्मियों पर हमला गंभीर अपराध है और आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने घटना की निंदा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के जवान देश और सीमाओं की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके खिलाफ हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
घटना के बाद आशाबाड़ी इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। प्रशासन मामले की जांच और हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटा है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि सभी जिम्मेदार लोगों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जवाबदेह बनाया जाएगा।









