Home » दिवाली से पहले कांग्रेस की रैली पर व्यापारियों की नाराजगी, राहुल गांधी से कार्यक्रम टालने की अपील

दिवाली से पहले कांग्रेस की रैली पर व्यापारियों की नाराजगी, राहुल गांधी से कार्यक्रम टालने की अपील

by उर्वशी शेखर
0 comments

दिवाली के व्यस्त कारोबारी सीजन में दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली को लेकर व्यापारियों ने चिंता जताई है। व्यापारियों और उद्यमियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने शनिवार को राहुल गांधी से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली स्थगित करने की अपील की। संगठन का कहना है कि रैली के कारण राजधानी के प्रमुख थोक बाजारों में कारोबार प्रभावित हो सकता है।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 4
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

सीटीआई ने राहुल गांधी के ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ वाले बयान का हवाला देते हुए कहा कि व्यापार भी आपसी भरोसे और संबंधों पर चलता है। संगठन ने अपील की कि त्योहार के सबसे अहम कारोबारी दौर में दुकानों और व्यापारिक गतिविधियों को राजनीतिक आयोजन की वजह से प्रभावित न किया जाए।

एक दुकान से 10-20 लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी

सीटीआई अध्यक्ष बृजेश गोयल ने कहा कि दिल्ली के कई बाजारों का इतिहास सैकड़ों साल पुराना है और हजारों परिवारों की आजीविका इनसे जुड़ी है। उन्होंने चांदनी चौक की परांठे वाली गली और लहंगा बाजार, खारी बावली के मसाला कारोबार, सदर बाजार की चूड़ी-बिंदी की दुकानें, दरियागंज के एसी कारोबार, चावड़ी बाजार के सैनिटरी उत्पादों और करोल बाग की कुल्फी दुकानों का उदाहरण दिया।

गोयल के मुताबिक, एक दुकान से औसतन 10 से 20 लोगों की रोजी-रोटी चलती है। ऐसे में दिवाली से ठीक पहले बाजारों में आवाजाही बाधित होने या दुकानें बंद रहने से व्यापारियों के साथ उनके कर्मचारियों और परिवारों पर भी असर पड़ेगा।

20 प्रमुख बाजारों में लगाए जाएंगे अपील वाले पोस्टर

सीटीआई ने घोषणा की है कि शनिवार से रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले 20 बड़े थोक बाजारों में पोस्टर लगाए जाएंगे। संगठन का तर्क है कि रैली के दौरान बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के पहुंचने से आसपास के बाजारों में यातायात प्रभावित होगा और कारोबार ठप पड़ सकता है।

संगठन ने दावा किया कि रैली में करीब 10 लाख लोगों और 20 हजार वाहनों के आने की आशंका है। बृजेश गोयल ने कहा कि रामलीला मैदान में इतनी बड़ी संख्या में वाहनों की पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इससे आसपास की सड़कों पर जाम लग सकता है।

करोड़ों के दिवाली कारोबार पर असर की आशंका

सीटीआई ने चेतावनी दी है कि रैली का समय व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। संगठन के मुताबिक, दिवाली से पहले होने वाले कारोबार पर इसका असर पड़ा तो करीब 20 लाख व्यापारियों का 10 से 12 हजार करोड़ रुपये का व्यापार प्रभावित हो सकता है। साथ ही, लगभग 75 लाख लोगों की आजीविका पर भी संकट खड़ा होने की आशंका है।

व्यापारी संगठन ने एक बार फिर कांग्रेस नेतृत्व से रैली की तारीख बदलने या कार्यक्रम स्थगित करने का आग्रह किया है। हालांकि, रैली को लेकर कांग्रेस की ओर से क्या निर्णय लिया जाएगा, इस पर फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।

You may also like

Leave a Comment