कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने आशंका जताई है कि एक उद्योगपति ने मेटा स्मार्ट चश्मे के जरिए उनकी बातचीत गुप्त रूप से रिकॉर्ड करने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि वही व्यक्ति केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन से मुलाकात के दौरान भी ऐसे चश्मे पहने हुए था। शिवकुमार ने कन्नड़ न्यूज चैनल एशियानेट सुवर्णा को दिए इंटरव्यू में यह आरोप लगाए।

शिवकुमार के मुताबिक, उद्योगपति ने उनसे मिलने के दौरान कारोबार से जुड़े मुद्दों के बजाय चुनावी रणनीति और राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा शुरू कर दी, जिससे उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से उस व्यक्ति की पृष्ठभूमि की जांच कराई।
उन्होंने दावा किया कि उद्योगपति ने अन्य नेताओं से मुलाकात के दौरान ऐसे चश्मे नहीं पहने थे। शिवकुमार ने यह भी कहा कि मामले में एहतियाती कदम उठाए गए हैं और उनके पास संबंधित जानकारी के रिकॉर्ड मौजूद हैं।
घटना के बाद उन्होंने अपने मंत्रियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी। हालांकि, उद्योगपति की पहचान और कथित गुप्त रिकॉर्डिंग के समर्थन में कोई सबूत सार्वजनिक नहीं किया गया है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट





