गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के कांग्रेस में दोबारा शामिल होने की संभावना को लेकर सियासी हलचल तेज है। वाघेला ने मंगलवार को कहा कि बीजेपी सरकार को हटाने के लिए वह कांग्रेस में वापसी के लिए तैयार हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय राहुल गांधी से मुलाकात के बाद लिया जाएगा।
वाघेला के मुताबिक, इस संबंध में कांग्रेस के गुजरात प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा और पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी से बातचीत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लौटकर वह किसी पद की अपेक्षा नहीं रखते, बल्कि पार्टी को अपना राजनीतिक अनुभव देना चाहते हैं।
2017 में छोड़ी थी कांग्रेस
शंकरसिंह वाघेला ने 2017 में कांग्रेस से नाता तोड़ा था। उनकी वापसी की चर्चा ऐसे समय हो रही है, जब गांधीनगर नगर निगम चुनाव अगले महीने होने हैं और गुजरात विधानसभा चुनाव दिसंबर 2027 में प्रस्तावित हैं। 86 वर्षीय वाघेला ने 2027 के चुनाव को अपने राजनीतिक जीवन में महत्वपूर्ण अवसर बताया है। साथ ही, उन्होंने 2 अक्टूबर से अपनी पार्टी प्रजाशक्ति डेमोक्रेटिक पार्टी (DSDP) को दोबारा सक्रिय करने के लिए अभियान शुरू करने की घोषणा की है।

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में कई असंतुष्ट नेता कांग्रेस के साथ जुड़कर राज्य में राजनीतिक बदलाव के लिए काम कर सकते हैं। हालांकि, वाघेला की वापसी पर कांग्रेस के भीतर अभी अंतिम सहमति सामने नहीं आई है। राहुल गांधी के साथ उनकी प्रस्तावित मुलाकात के बाद ही इस संबंध में अगला कदम स्पष्ट होने की उम्मीद है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट