ओडिशा के कोटिया क्षेत्र को लेकर एक बार फिर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। विधानसभा चुनाव के दौरान इस विवाद का स्थायी समाधान निकालने का भरोसा देने वाली बीजेपी अब विपक्ष के निशाने पर है। बीजू जनता दल (बीजेडी) के अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सरकार की मंशा और मौजूदा रुख पर सवाल उठाए हैं।
नवीन पटनायक ने पूछा कि चुनाव के समय कोटिया विवाद सुलझाने का वादा करने वाली बीजेपी ने अब तक इस दिशा में क्या कदम उठाए हैं। उन्होंने यह भी सवाल किया कि केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को समर्थन दे रही तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के साथ राजनीतिक समीकरणों का असर कहीं ओडिशा के हितों पर तो नहीं पड़ रहा है। टीडीपी केंद्र में एनडीए की एक प्रमुख सहयोगी है।
वहीं, राज्य सरकार ने क्षेत्रीय अधिकारों के मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी के मुताबिक, सरकार कोटिया क्षेत्र पर राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी रास्ता अपना रही है।
इस मुद्दे पर विपक्ष के सवालों और सरकार के कानूनी प्रयासों के बीच कोटिया विवाद एक बार फिर ओडिशा की राजनीति के केंद्र में आ गया है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि राज्य सरकार इस मामले में आगे क्या कदम उठाती है और विवाद के समाधान की दिशा में क्या प्रगति होती है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट





