झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने संगठनात्मक कामकाज में लापरवाही को लेकर चार जिला इकाइयों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पार्टी की केंद्रीय समिति ने कोडरमा, लोहरदगा, साहेबगंज और चतरा के जिला अध्यक्षों एवं सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन जिला समितियों पर केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों को निर्धारित समय में लागू नहीं करने का आरोप है। पार्टी ने इसे संगठनात्मक व्यवस्था की अनदेखी मानते हुए संबंधित पदाधिकारियों से जवाब मांगा है।

इस संबंध में सभी नोटिस रांची स्थित झामुमो के केंद्रीय कार्यालय से जारी किए गए हैं। केंद्रीय समिति के महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय ने हस्ताक्षरित पत्रों के जरिए जिला इकाइयों से जवाब-तलब किया है। दरअसल, केंद्रीय नेतृत्व ने संबंधित जिलों को स्थानीय नगर और प्रखंड समितियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। इसके लिए 10 दिनों की समयसीमा निर्धारित की गई थी, लेकिन तय अवधि गुजरने के बाद भी केंद्रीय कार्यालय को नई समितियों के गठन से संबंधित प्रस्ताव नहीं भेजे गए।
चार जिलों में समयसीमा बीतने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
केंद्रीय समिति के निर्देशों के अनुसार, कोडरमा जिला इकाई को 13 अक्टूबर को झुमरी तिलैया नगर समिति भंग कर नई समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया था। जिला नेतृत्व को 10 दिनों के भीतर बैठक कर नए पदाधिकारियों के नामों की अनुशंसा केंद्रीय कार्यालय भेजनी थी। इसके लिए निर्धारित समयसीमा 23 अक्टूबर को समाप्त हो गई।
लोहरदगा में भी इसी तरह की स्थिति सामने आई। यहां जिला समिति को 12 अक्टूबर को नगर समिति भंग कर पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया था। इसके लिए 22 अक्टूबर तक का समय मिला था। वहीं, साहेबगंज जिला इकाई को 6 अक्टूबर को बरहरवा नगर समिति और तालझारी प्रखंड समिति के पुनर्गठन का जिम्मा सौंपा गया था। इसकी अंतिम तारीख 16 अक्टूबर निर्धारित थी।
चतरा जिला समिति को भी 7 अक्टूबर को चतरा नगर समिति भंग कर नए गठन के लिए नामों की सूची भेजने का निर्देश दिया गया था। इस प्रक्रिया को 17 अक्टूबर तक पूरा किया जाना था। हालांकि, चारों जिलों में निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद भी केंद्रीय नेतृत्व को अपेक्षित प्रस्ताव नहीं मिले।


सात दिनों में देना होगा लिखित जवाब
महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय ने अपने पत्रों में इस बात पर नाराजगी जताई है कि निर्देश जारी होने के एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जिला समितियों ने न तो पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी की और न ही इस संबंध में केंद्रीय कार्यालय को कोई जानकारी दी। इसे केंद्रीय नेतृत्व के आदेशों की अवहेलना और गंभीर संगठनात्मक चूक माना गया है।
केंद्रीय समिति ने संबंधित जिला अध्यक्षों को नोटिस मिलने की तारीख से सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इस कदम को झामुमो के भीतर संगठनात्मक जवाबदेही और केंद्रीय निर्देशों के पालन को लेकर नेतृत्व की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।








